क्या परिसीमन बिल पर BJP का साथ देगी DMK? TVK के आरोपों पर स्टालिन की पार्टी ने साफ किया रुख

क्या परिसीमन बिल पर BJP का साथ देगी DMK? TVK के आरोपों पर स्टालिन की पार्टी ने साफ किया रुख

संसद के विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने दावा किया है कि एमके स्टालिन की अगुवाई वाली DMK संसद में परिसीमन विधेयक पर बीजेपी का साथ दे सकती है। इस आरोप के बाद राज्य की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। हालांकि, DMK ने बीजेपी के साथ गठबंधन की किसी भी संभावना से इनकार किया है। पार्टी का कहना है कि विधेयक का मसौदा सामने आने के बाद ही वह इस पर अपना अंतिम रुख तय करेगी।

TVK ने राज्यपाल से मुलाकात को बनाया मुद्दा

TVK ने DMK पर अपनी राजनीतिक विचारधारा से समझौता करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने DMK विधायक और विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से हुई मुलाकात को भी इस दावे से जोड़कर देखा है।

TVK की IT विंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबी पोस्ट के जरिए DMK पर निशाना साधा। पोस्ट में पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई के चर्चित सवाल, ‘बकरी के लिए दाढ़ी और देश के लिए गवर्नर का क्या काम?’ का जिक्र किया। TVK ने आरोप लगाया कि जो DMK पहले राज्यपाल को विधानसभा में बोलने देने का विरोध करती थी, वह अब उन्हीं के सामने झुकने को तैयार है।

पार्टी ने DMK के मुखपत्र ‘मुरासोली’ में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंथ्रन से जुड़ी खबर का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि DMK राज्य में बीजेपी की राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

DMK बोली- बीजेपी के साथ गठबंधन का कोई इरादा नहीं

TVK के आरोपों पर DMK प्रवक्ता सैयद हफीजुल्लाह ने साफ कहा कि उनकी पार्टी का बीजेपी के साथ गठबंधन करने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने ‘मुरासोली’ में प्रकाशित खबर को लेकर भी सफाई दी। उनके मुताबिक, अखबार में नैनार नागेंथ्रन का पूरा इंटरव्यू प्रकाशित नहीं हुआ था, बल्कि उसमें TVK सरकार के खिलाफ लगाए गए उनके आरोपों का ही जिक्र किया गया था।

हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या DMK संसद में परिसीमन विधेयक पर बीजेपी का समर्थन करेगी, तो उन्होंने इस पर सीधा जवाब देने से परहेज किया। पार्टी का कहना है कि विधेयक का मसौदा सामने आने के बाद ही इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

DMK की मुख्य चिंता परिसीमन के बाद तमिलनाडु की संसदीय हिस्सेदारी को लेकर है। पार्टी चाहती है कि संसद में राज्य की मौजूदा 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रहे।

कांग्रेस ने भी DMK के रुख पर उठाए सवाल

इस विवाद में TVK की सहयोगी कांग्रेस भी शामिल हो गई है। कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने X पर पोस्ट कर DMK के संभावित रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, ‘लगता है बीजेपी सरकार ने सब ठीक कर दिया है।’ इस पोस्ट में उन्होंने DMK और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के आधिकारिक X हैंडल को भी टैग किया।

कांग्रेस की इस टिप्पणी से साफ है कि परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच भी पूरी तरह एकराय नहीं है। तमिलनाडु की राजनीति में यह मुद्दा इसलिए संवेदनशील है, क्योंकि राज्य को आशंका है कि परिसीमन के बाद संसद में उसका प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।

30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक

सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से बुलाने का फैसला किया है। दोनों सदनों का सत्र 3 दिसंबर को समाप्त होगा। इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। अधिसूचना के मुताबिक, इन बैठकों में प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी सदस्यों के कामकाज का प्रावधान नहीं होगा।

गौरतलब है कि DMK पहले भी संसद में परिसीमन का विरोध करती रही है। लेकिन इस बार तमिलनाडु के राजनीतिक समीकरण बदल चुके हैं। विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस TVK को समर्थन देकर सरकार में शामिल है, जबकि DMK सत्ता से बाहर है। ऐसे में परिसीमन पर DMK का अंतिम रुख न केवल संसद की राजनीति, बल्कि तमिलनाडु में विपक्षी दलों के आपसी रिश्तों के लिहाज से भी अहम होगा।