VIDEO: कैमरे में कैद हुआ कत्लेआम, सड़क पर छिड़ी बहस और दिन दहाड़े गिर गई दो लाशें

लखनऊ, राजसत्ता एक्सप्रेस। उत्तर प्रदेश के संभल में फिल्मी अंदाज में सपा नेता और उनके बेटे की हत्या कर दी गई। दबंगों की इस लड़ाई और डबल मर्डर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मामला संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र का है। यहां के गांव समसोई में सड़क को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि बंदूकें निकल आईं। इस दौरान मौके पर मौजूद सपा नेता छोटे लाल दिवाकर और उसके बेटे को गोली मार दी गई। हत्या की इस वारदात का लाइव वीडियो भी कैमरे में कैद हुआ है। हत्या को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

समाजवादी पार्टी ने वारदात का वीडियो भी ट्वीट किया है। इस वीडियो में सपा नेता और फायरिंग करने वाले दबंगों के बीच पहले बहस हो रही है। आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। ये घटना उसी जगह की है जिस सड़क को लेकर विवाद है। वीडियो में नजर आ रहा है कि दो लोगों ने हाथों रायफल ली हुई है। कुछ लोग उन्हें समझाते हैं जिसके बाद वो आगे बढ़ जाते हैं। इतने में ही वो दोनों पीछे से आ रहे सपा और उसके बेटे की तरफ मुड़ते हैं और फायरिंग कर देते हैं। फायरिंग के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। दबंगों ने भीड़ के मौजूदगी में सपा नेता और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी।

इसे भी पढ़ें: BUS POLITICS: गरीब मजदूरों की बेबसी पर बेहूदा तमाशा क्यों?

जानें कैसे शुरू हुआ विवाद

गांव समसोई में सड़क को लेकर दो पक्षों में काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। सपा नेता की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। गांव में एक सड़क बनाने का काम चल रहा है, जिसका कुछ लोग विरोध कर रहे थे। विरोध में सपा नेता और उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी ऐसा किसी को अंदाजा नहीं था। आरोपी जब फायरिंग कर रहे थे तो उस वक्त वहां काफी लोग मौजूद थे। लोगों ने इस घटना का वीडियो मोबाइल में शूट कर लिया। इस वीडियो में आरोपी गोली मारते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन हत्या के मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

इसे भी पढ़ें: Lockdown 4.0 में यूपी को मिली बड़ी राहत, निजी वाहन से चलिये लेकिन इन शर्तों के साथ

सपा नेता छोटे लाल विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी रहे हैं। पत्नी फिलहाल ग्राम प्रधान हैं। इस घटना के बाद इलाके की राजनीति गरमा गई है। मौके पर जिले के आला अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सपा नेता के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना दी गयी पर देर से मौके पर पहुंची। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल देखते हुये पीएसी तैनात कर दी गई है।

समाजवादी पार्टी ने इस वारदात की आलोचना करते हुए ट्वीट किया है, ‘हत्यारी सरकार! BJP के सत्ता संरक्षित गुंडे कर रहे जनता की आवाज उठाने वालों पर प्रहार! संभल के दलित नेता एवं चंदौसी से पूर्व सपा विधानसभा प्रत्याशी श्री छोटे लाल दिवाकर समेत उनके पुत्र की हत्या दुखद! परिजनों के प्रति संवेदना! हत्यारों को गिरफ्तार कर हो न्याय!’

Previous articleUttarakhand Lockdown 4.0: ऑड-ईवन फॉर्मूले से चलेंगे वाहन, शाम 4 बजे तक खुलेंगी सभी दुकानें; इनपर पाबंदी जारी
Next articleMaruti Suzuki ने बताया लॉकडाउन में कैसे रखें अपने व्हीकल का ख्याल