MP को ₹357.71 करोड़ की बड़ी सौगात! शहडोल में 82 विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण, बिरसा मुंडा की प्रतिमा का हुआ अनावरण

MP को ₹357.71 करोड़ की बड़ी सौगात! शहडोल में 82 विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण, बिरसा मुंडा की प्रतिमा का हुआ अनावरण

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव सप्ताह के कार्यक्रम में जिले को 357.71 करोड़ रुपये की लागत वाले 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इन परियोजनाओं में कई कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास प्रदेश की पहचान है और सरकार आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षा, बिजली, सिंचाई, सड़क और रोजगार से जुड़े प्रोजेक्ट के जरिए इन इलाकों में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सीधे फायदा मिलेगा।

शहडोल को 357 करोड़ की सौगात, शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि शहडोल जिले में 357.71 करोड़ रुपये की लागत से 82 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया है। इनमें 10 कार्यों का लोकार्पण भी शामिल है।

इन परियोजनाओं के तहत जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय और स्नानगृह बनाए गए हैं। इसके अलावा स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया गया है। कई स्थानों पर सीसी रोड भी बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जयसिंह नगर को 291 करोड़ रुपये की लागत से बिजली सुविधा का लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य शहडोल सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र विकास करना है।

अगले महीने 4000 करोड़ की औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने शहडोल में अगले महीने करीब 4000 करोड़ रुपये की लागत वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें पीएम जनमन, नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास योजना शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती को याद करके की गई थी। इसके बाद धार में करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत वाली माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए पिछले दिनों करीब 4000 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी गई है। पूरे सप्ताह प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में लगभग 1500 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बिरसा मुंडा को किया याद, जनजातीय नायकों के योगदान पर चर्चा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ संघर्ष किया और देश तथा धर्म के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उनका ‘अपना देश, अपना राज’ का उद्घोष जनजातीय अस्मिता का प्रतीक है।

उन्होंने वीर बूदु भगत और मदारा महतो का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन जनजातीय नायकों ने 1831 और 1832 में अद्वितीय संघर्ष किया था।

किसानों और पशुपालकों को बेहतर कीमत दिलाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों की बेहतर कीमत दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में फिर से बसें चलाई जाएंगी। वहीं, वन अधिकार पट्टा धारकों को भी नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत अब तक ग्रामीण आबादी की 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है। सरकार का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 50 लाख तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2002-03 से अब तक मध्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर 60 लाख हेक्टेयर किया गया है। उन्होंने प्रदेश को बिजली सरप्लस राज्य बनाने का दावा भी किया। साथ ही कहा कि सरकार ने नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है।