अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा पर BJP का बड़ा दांव! कृष्ण जन्मभूमि को लेकर चिंतन बैठक में हो सकता है अहम फैसला

अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा पर BJP का बड़ा दांव! कृष्ण जन्मभूमि को लेकर चिंतन बैठक में हो सकता है अहम फैसला

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच बीजेपी ने अब मथुरा पर अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति तेज कर दी है। अयोध्या में राम मंदिर और वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के बाद अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा पार्टी की चर्चाओं के केंद्र में आ गया है। मथुरा में 16 और 17 नवंबर को हो रही बीजेपी की दो दिवसीय चिंतन बैठक को इसी नजरिए से अहम माना जा रहा है। पार्टी के भीतर एक धड़ा चाहता है कि मथुरा को भी अयोध्या और काशी की तरह प्रमुखता दी जाए। ऐसे में बैठक के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर किसी बड़े प्रस्ताव या घोषणा की मांग उठ सकती है।

मथुरा को लेकर बीजेपी की बैठक में क्या तय होगा?

बीजेपी की इस दो दिवसीय बैठक में केवल संगठन और चुनावी तैयारियों पर ही चर्चा नहीं होनी है, बल्कि मथुरा से जुड़े राजनीतिक और सांस्कृतिक मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के कुछ नेता चाहते हैं कि अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा को लेकर भी कोई महत्वपूर्ण कदम उठाया जाए।

इस मांग को 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा। फिलहाल पार्टी के भीतर इस बात पर मंथन चल रहा है कि मथुरा के मुद्दे को आगे किस तरह रखा जाए।

मोहन यादव के बयान ने फिर बढ़ाई राजनीतिक हलचल

श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उस समय फिर चर्चा में आ गया, जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वाराणसी दौरे के दौरान इसको लेकर बयान दिया था। गोवर्धन पूजा उत्सव में उन्होंने कहा था कि जिस तरह अयोध्या में भगवान श्रीराम विराजमान हुए हैं, उसी तरह जल्द ही भगवान गोपाल कृष्ण भी मथुरा में विराजमान होंगे।

उनके इस बयान के बाद मथुरा को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। अब बीजेपी की चिंतन बैठक में इस मुद्दे पर होने वाली चर्चा को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने भी उठाया था मथुरा का मुद्दा

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पिछले दिल्ली दौरे के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में मथुरा का विषय उठाया था। पार्टी के अंदर इस बात पर विचार किया जा रहा है कि अयोध्या और काशी के बाद मथुरा को लेकर आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए।

पश्चिमी यूपी और यादव समाज पर भी बीजेपी की नजर

मथुरा को लेकर बीजेपी की रणनीति का एक राजनीतिक पहलू पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी जुड़ा है। पार्टी के रणनीतिकार इस मुद्दे के जरिए क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ाने और यादव समाज के बीच पहुंच मजबूत करने पर विचार कर रहे हैं। पार्टी के एक धड़े का मानना है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि के जरिए यादव समाज से सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान के आधार पर संवाद बढ़ाया जा सकता है।

मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र में हो रही बैठक में योगी आदित्यनाथ, नितिन नवीन, बीएल संतोष, पंकज चौधरी, विनोद तावड़े और दोनों उपमुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं। बैठक में बूथ प्रबंधन, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, नए मतदाताओं, युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के साथ सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर भी चर्चा होनी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर बैठक में क्या रुख सामने आता है और क्या बीजेपी इस मुद्दे पर कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेती है।