समाजवादी पार्टी और स्वामी प्रसाद मौर्य के रास्ते हुए अलग, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी नाम से बनाया नया राजनीतिक दल

समाजवादी पार्टी और स्वामी प्रसाद मौर्य के रास्ते हुए अलग, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी नाम से बनाया नया राजनीतिक दल

रायबरेली। समाजवादी पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी नई पार्टी का एलान कर दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी पार्टी का नाम राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी रखा है। इसका झंडा भी उन्होंने जारी किया है। स्वामी प्रसाद मौर्य के बारे में जानकारी मिली है कि वो राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। साथ ही 22 फरवरी को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।

स्वामी प्रसाद मौर्य की तरफ से नई पार्टी के एलान से साफ है कि वो अब समाजवादी पार्टी से अलग रास्ते पर चलने वाले हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी से वो लोग जुड़ सकते हैं, जो उनके बीजेपी का साथ छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर आए थे। स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीते दिनों समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजा त्यागपत्र भी एक्स अकाउंट पर साझा किया था। स्वामी प्रसाद मौर्य ने लिखा था कि उनका बयान निजी बयान हो जाता है। जबकि सपा के तमाम महासचिव और नेता ऐसे हैं, जिनका हर बयान पार्टी का हो जाता है। ये उनकी समझ से परे है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी ज्वॉइन करने के बाद तमाम विवादित बयान भी दिए थे। उन्होंने हिंदुओं के पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस की कुछ चौपाइयों को महिला और दलित विरोधी बताया था। स्वामी प्रसाद मौर्य के बयानों के बाद पिछड़ों के एक संगठन ने लखनऊ में रामचरितमानस की प्रतियां भी फूंकी थीं। इस मामले में स्वामी प्रसाद पर भी केस दर्ज हुआ था। इसके बाद भी हिंदू विरोधी बयानों के कारण सपा में ही स्वामी प्रसाद मौर्य का विरोध शुरू हुआ था।

सपा के प्रवक्ता आईपी सिंह ने एक्स पर उनके खिलाफ बयान जारी किया था। बीते दिनों अखिलेश यादव के करीबी और सपा के विधायक मनोज पांडे ने कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य का दिमागी संतुलन बिगड़ गया है। इसके बाद ही स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा देने का एलान कर दिया था। अब देखना है कि स्वामी प्रसाद मौर्य लोकसभा चुनाव के दौरान क्या नया राजनीतिक कदम उठाते हैं।

Previous articleपीएम मोदी ने विरोधियों पर कसा तंज, कहा- ‘आज सुदामा पोटली में चावल देते तो भगवान कृष्ण पर लगते भ्रष्टाचार के आरोप’
Next articleराहुल को अखिलेश की दो टूक, पहले सीट उसके बाद ही आएंगे साथ!