उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के बंटवारे की तैयारी तेज कर दी है। गठबंधन में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने के लिए कांग्रेस ने करीब 181 विधानसभा सीटों की सूची तैयार की है। इसमें सहारनपुर, रायबरेली, अमेठी, लखनऊ और वाराणसी जैसे अहम जिलों की सीटें शामिल हैं। पार्टी की नजर उन इलाकों पर भी है, जहां उसके सांसद हैं। सोमवार, 16 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होने वाली बैठक में इसी रणनीति पर चर्चा होनी है। राहुल गांधी समेत यूपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
खरगे के आवास पर होगी अहम बैठक, सीटों के दावे पर मंथन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर यह बैठक बुलाई है। इसमें राहुल गांधी, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर चर्चा होगी। कांग्रेस इस आंतरिक बैठक के जरिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना चाहती है। इसके बाद दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत आगे बढ़ेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 17 नवंबर को दिल्ली में सपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक होने की संभावना है। हालांकि, सीटों पर अंतिम फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही होगा।
कांग्रेस की 181 सीटों वाली सूची में किन जिलों को मिली जगह?
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने करीब 181 संभावित सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है। इस सूची में पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक के कई जिले शामिल हैं। सहारनपुर में गंगोह, नकुड़, बेहट और सहारनपुर देहात पर पार्टी की नजर है।
रायबरेली में बछरावां, सरेनी, ऊंचाहार, सलोन और सदर सीट शामिल हैं। अमेठी में तिलोई, गौरीगंज और जगदीशपुर को सूची में जगह दी गई है। वहीं, लखनऊ में सरोजनीनगर, मलिहाबाद और बख्शी का तालाब कांग्रेस की प्राथमिकता में हैं। वाराणसी में पिंडरा, कैंट, रोहनिया, अजगरा और सेवापुरी सीटों पर दावा किया गया है।
आगरा से गोंडा तक इन सीटों पर भी पार्टी की नजर
कांग्रेस की सूची में सीतापुर की हरगांव, बिसवां, सीतापुर और मिश्रिख सीट शामिल हैं। प्रयागराज में उत्तरी, पश्चिमी और करछना, जबकि बाराबंकी में जैदपुर, दरियाबाद और रामनगर पर पार्टी की नजर है।
इसके अलावा आगरा की खैरागढ़ और बाह, कानपुर की कैंट, किदवई नगर, गोविंदनगर और घाटमपुर सीट भी सूची में हैं। महाराजगंज में फरेंदा और नौतनवा, कुशीनगर में तमकुहीराज और फाजिलनगर तथा देवरिया में रुद्रपुर और सलेमपुर शामिल हैं।
प्रतापगढ़ की रामपुर खास और सदर, फतेहपुर की बिंदकी, बांदा की नरैनी, उन्नाव की बांगरमऊ और हरदोई की बिलग्राम-मल्लावां सीट पर भी कांग्रेस दावा करना चाहती है। बदायूं की बिल्सी, बलरामपुर की उतरौला, गोंडा की गौरा, सिद्धार्थनगर की शोहरतगढ़ और संतकबीरनगर की खलीलाबाद सीट भी इस सूची का हिस्सा हैं।
सांसदों वाले जिलों में ज्यादा सीटें मांगने की तैयारी
कांग्रेस की रणनीति के मुताबिक, जिन जिलों में पार्टी के सांसद हैं, वहां कम से कम तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया जा सकता है। कुछ जिलों में दो और बाकी जिलों में कम से कम एक सीट मांगने की तैयारी है। अब 17 नवंबर को सपा के साथ होने वाली बातचीत अहम होगी। इसी से साफ होगा कि कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर गठबंधन में कितनी सहमति बन पाती है।
