UP Election 2027: कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें, अखिलेश यादव ने बताया गठबंधन का फॉर्मूला, बोले- जहां जो जीतेगा, वही लड़ेगा चुनाव

UP Election 2027: कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें, अखिलेश यादव ने बताया गठबंधन का फॉर्मूला, बोले- जहां जो जीतेगा, वही लड़ेगा चुनाव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी गणित तेज हो गया है। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने सपा के सामने 181 सीटों की मांग रखी है। यह प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों का करीब 45 फीसदी हिस्सा है। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन का फॉर्मूला साफ करते हुए कहा है कि चुनाव में उसी दल के उम्मीदवार को प्राथमिकता मिलेगी, जिसके जीतने की संभावना सबसे ज्यादा होगी। यानी सीटों का बंटवारा केवल मांग के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर अखिलेश यादव का जवाब

अखिलेश यादव का यह बयान 17 नवंबर को सपा और कांग्रेस के बीच प्रस्तावित सीट बंटवारे की बातचीत से पहले आया है। उन्होंने कहा कि अभी दोनों दलों के बीच औपचारिक बातचीत शुरू नहीं हुई है, लेकिन INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा।

सपा प्रमुख के मुताबिक, दोनों पार्टियां एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों पर फैसला करेंगी। गठबंधन में सबसे महत्वपूर्ण बात यह होगी कि किस सीट पर किस पार्टी का उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है। उसी आधार पर चुनाव लड़ने का फैसला किया जाएगा।

65 जिलों की 181 सीटों पर कांग्रेस की नजर

कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को जो सूची सौंपी है, उसमें प्रदेश के 65 जिलों की 181 विधानसभा सीटें शामिल बताई जा रही हैं। इनमें 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट है।

खास बात यह है कि कांग्रेस की इस सूची में कुछ ऐसी विधानसभा सीटें भी शामिल हैं, जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। ऐसे में सीटों का बंटवारा दोनों दलों के लिए आसान नहीं रहने वाला है। कांग्रेस की मांग स्वीकार होती है या सपा इसमें बदलाव करती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

2022 के चुनाव नतीजे कांग्रेस की राह में बन सकते हैं चुनौती

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग को समझने के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े भी महत्वपूर्ण हैं। इन 181 सीटों में कांग्रेस केवल दो सीटें रामपुर खास और फरेंदा जीत पाई थी। वहीं, 19 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी।

रामपुर खास में कांग्रेस को 50.27 फीसदी और फरेंदा में 40.28 फीसदी वोट मिले थे। दूसरी तरफ, कांग्रेस की मांगी गई 181 सीटों में से 169 ऐसी थीं, जहां पार्टी 2022 में अपनी जमानत तक नहीं बचा पाई थी। पूरे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर भी महज 2.5 फीसदी रहा था।

गठबंधन में सीटों का गणित कैसे बैठेगा?

कांग्रेस की बड़ी मांग और अखिलेश यादव के जीतने की संभावना वाले फॉर्मूले के बीच सीट बंटवारे की बातचीत काफी अहम हो गई है। एक तरफ कांग्रेस ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ सपा जीत की संभावना को आधार बनाना चाहती है। अब देखना होगा कि दोनों पार्टियां किस फॉर्मूले पर सहमत होती हैं और 2027 के चुनाव के लिए सीटों का अंतिम गणित कैसे तैयार होता है।