UP में 25,000 करोड़ का AI निवेश फेल: 4 दिन में रद्द हुआ Puch AI का MoU

UP में 25,000 करोड़ का AI निवेश फेल: 4 दिन में रद्द हुआ Puch AI का MoU

उत्तर प्रदेश में निवेश के बड़े-बड़े दावों के बीच राज्य सरकार को उस वक्त बैकफुट पर आना पड़ा, जब ‘पुच एआई’ (Puch AI) नाम की कंपनी के साथ किया गया 25,000 करोड़ रुपये का निवेश समझौता (MoU) महज चार दिनों के भीतर रद्द कर दिया गया. सरकार ने यह फैसला कंपनी की वित्तीय साख संदिग्ध पाए जाने और जरूरी दस्तावेजों की कमी के चलते लिया है.

जांच में खुली पोल

इन्वेस्ट यूपी के CEO विजय किरन आनंद ने TV9 से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने MoU की समीक्षा करने के लिए कहा था. हमने AI Puch कंपनी को नोटिस जारी करते हुए बिजनेस प्लान के साथ-साथ वित्तीय स्थिति और डीपीआर के बारे में जानकारी मांगी थी. AI Puch को जवाब देने के लिए 3 दिन का समय दिया गया था, लेकिन कंपनी की तरफ से कोई जवाब न मिलने के कारण MoU रद्द कर दिया गया है.

समय पर जमा नहीं किए दस्तावेज

Invest UP द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 23 मार्च 2026 को हुए इस समझौते के बाद जब कंपनी की गहन समीक्षा की गई, तब पाया गया कि कंपनी ने जरूरी दस्तावेज समय पर जमा नहीं किए. साथ ही इतनी बड़ी परियोजना के लिए कंपनी की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं पाई गई और उसके फंड के स्रोत भी भरोसेमंद नहीं थे.

फिलहाल समझौता रद्द

इस निवेश को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे थे. अखिलेश यादव ने 25,000 करोड़ के प्रस्तावित निवेश को लेकर मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए थे. जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी अपने निवेश और वित्तीय क्षमता के पुख्ता सबूत नहीं दे सकी. सारी गहन जांच के बाद सरकार ने फिलहाल समझौता रद्द कर दिया है.