Bihar Agniveer Rally 2026: 22 सितंबर से भर्ती रैली, 11 हजार से ज्यादा उम्मीदवार होंगे शामिल

Bihar Agniveer Rally 2026: 22 सितंबर से भर्ती रैली, 11 हजार से ज्यादा उम्मीदवार होंगे शामिल

बिहार में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी अपडेट है। सेना भर्ती मुख्यालय दानापुर की ओर से 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली चांदमारी स्थित केएलपी मैदान में होगी। इसमें बिहार और झारखंड के 11,042 शॉर्टलिस्ट उम्मीदवार शामिल होंगे।

सेना की ओर से बताया गया है कि इस बार बारिश और मैदान की स्थिति को देखते हुए उम्मीदवारों की दौड़ सड़क पर कराई जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को अच्छे और आरामदायक जूते पहनकर आने की सलाह दी गई है।

22 सितंबर से शुरू होगी भर्ती रैली

भर्ती निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री के अनुसार, रैली में वही उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) पास किया है और भर्ती प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए हैं।

इस भर्ती रैली में कुल 11,042 उम्मीदवार शामिल होंगे। इनमें 257 महिला अभ्यर्थी हैं। वहीं अग्निवीर क्लर्क पद के लिए करीब 3,500 उम्मीदवारों को बुलाया गया है।

किस तारीख को किस पद की भर्ती?

भर्ती रैली का कार्यक्रम अलग-अलग पदों और जिलों के हिसाब से तय किया गया है।

22 से 25 सितंबर: पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली के शॉर्टलिस्ट पुरुष उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी की भर्ती होगी।

26 से 29 सितंबर: इन्हीं जिलों के अग्निवीर टेक्निकल और ऑफिस असिस्टेंट/स्टोरकीपर टेक्निकल पद के उम्मीदवारों की भर्ती होगी।

30 सितंबर: अग्निवीर ट्रेड्समैन के लिए भर्ती होगी। इसमें 8वीं और 10वीं पास उम्मीदवार शामिल होंगे।

1 अक्टूबर: झारखंड के सभी जिलों के उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली होगी।

2 और 3 अक्टूबर: बिहार के अलग-अलग जिलों के अग्निवीर क्लर्क उम्मीदवारों की भर्ती होगी।

4 अक्टूबर: ARO गया क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए भर्ती होगी।

5 अक्टूबर: रिजर्व डे रखा गया है।

6 अक्टूबर: बिहार और झारखंड की महिला सैन्य पुलिस के लिए भर्ती होगी।

जूते पहनकर आने की सलाह

सेना के मुताबिक, बारिश के कारण मैदान की स्थिति को देखते हुए दौड़ सड़क पर कराई जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को दौड़ के लिए अच्छी क्वालिटी के आरामदायक जूते पहनकर आने की सलाह दी गई है।

अभ्यर्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड और सभी जरूरी दस्तावेजों के मूल प्रमाणपत्र लेकर पहुंचना होगा। दस्तावेजों की कमी होने पर भर्ती प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।

19 हजार से ज्यादा अग्निवीर जनवरी 2027 में पूरा करेंगे कार्यकाल

अग्निवीर योजना के पहले बैच के 19 हजार से ज्यादा अग्निवीर जनवरी 2027 में अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, सेना में करीब 25 फीसदी अग्निवीरों को स्थायी सेवा में शामिल करने के लिए प्रक्रिया तय की जा रही है।

इसके लिए कार्यकाल पूरा होने से पहले मेरिट लिस्ट जारी किए जाने की योजना है। चयन प्रक्रिया में आंतरिक परीक्षा समेत निर्धारित मानकों को शामिल किया जाएगा।

भर्ती रैली में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और निर्धारित तारीख, समय और स्थान पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचें।