जानिए- रामायण और महाभारत को लेकर ऐसा क्या बोल गए प्रशांत भूषण, मामला पहुंच गया सुप्रीम कोर्ट

राजसत्ता एक्सप्रेस। सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण एक बार फिर से मुश्किलों से घिर गए हैं। अपनी विवादित टिप्पणियों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले प्रशांत भूषण ने इस बार रामायण और महाभारत सीरियल्स को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है कि मामला सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे तक जा पहुंचा है। इस मामले में उनके खिलाफ गुजरात पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, इसे अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

दरअसल,  प्रशांत भूषण ने रामायण और महाभारत सीरियल्स को लेकर मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए एक ट्वीट किया था। अपने इस ट्वीट में उन्होंने लिखा था, ‘जब करोड़ों की तादाद में लोग ‘जबरन तालाबंदी’ की वजह से परेशानी झेल रहे हैं, तब केंद्र सरकार बड़ी आबादी को दूरदर्शन पर रामायण और महाभारत सीरियल्स के नाम पर अफीम पिला रही है।’

उनके इस ट्वीट पर कई लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। इसको लेकर गुजरात के एक पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। इस एफआईआर को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई, जिसकी सुनवाई शुक्रवार को हुी थी।  हालांकि, देश की सबसे बड़ी अदालत से उन्हें राहत मिल गई है और कोर्ट ने प्रशांत भूषण के खिलाफ गुजरात पुलिस की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। इतना ही नहीं, कोर्ट ने पुलिस को नोटिस जारी कर दो हफ्ते में जवाब भी मांगा है। कोर्ट के इस फैसले के बाद गुजरात पुलिस प्रशांत भूषण को गिरफ्तार नहीं कर सकेगी।

रामायण ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, बना दुनिया में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो

बता दें कि सेना के एक सेवानिवृत जवान जयदेव जोशी ने प्रशांत भूषण के खिलाफ गुजरात के भक्तिनगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें उनपर

धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सरकारी आदेशों पर बेवजह टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था।

गौरतलब है कि कोरोना के कारण जारी लॉकडाउन के दौरान केंद्र सरकार ने दूरदर्शन पर प्रसिद्ध रामायण और महाभारत सीरियल्स के प्रसारण को फिर से शुरू करने का फैसला लिया था। हालांकि, इसको लेकर विपक्ष ने सवाल भी उठाए। उसने आरोप लगाए कि इन सीरियल्स के माध्यम से बीजेपी हिंदू एजेंडे को फैलाने की कोशिश में जुटी है। यहां तक सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने भी रामायण और महाभारत को लेकर केंद्र को निशान पर लेते हुए ट्वीट किया था।

इस ट्वीट में उन्होंने लिखा था कि रोमन सम्राट कहते थे कि अगर आप लोगों को रोटी नहीं दे सकते, तो उन्हें सर्कस दिखाओ और हमारे आधुनिक भारतीय सम्राट कहते हैं कि अगर आप लोगों को रोटी नहीं दे सकते हैं, तो उन्हें रामायण और महाभारत दिखा दो। हरि ओम।’

आखिर लव-कुश कांड क्यों नहीं बनाना चाहते थे रामानंद सागर? जानिए-इसके पीछे की सच्चाई