उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पार्टी की रणनीति में महिला वोटर्स को खास जगह दी गई है। आधी आबादी तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए बीजेपी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारकों को उतारने की योजना बनाई है। ये महिला कार्यकर्ता गांवों और शहरों में घर-घर जाकर महिलाओं, आम लोगों और मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी जनता तक पहुंचाएंगी।
इस रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए शुक्रवार को लखनऊ के विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय प्रवासी कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारकों ने हिस्सा लिया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें चुनावी अभियान का रोडमैप समझाया।
403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारकों का प्रवास
बीजेपी की योजना हर विधानसभा क्षेत्र में महिला विस्तारकों के जरिए संगठन को मजबूत करने की है। गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र से आईं महिला कार्यकर्ताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी जाएगी। उनका मुख्य काम महिलाओं और आम मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना होगा।
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारकों को प्रवास के जरिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाना है। उन्हें घर-घर जाकर लोगों से संवाद करना होगा और सरकारी योजनाओं की जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही महिलाओं को पार्टी संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर पर बीजेपी की पकड़ मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
महिला कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी का स्टार प्रचारक
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक ताकत और जनता के विश्वास से जुड़ा अभियान है। इसमें महिला शक्ति की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बीजेपी में बहनें केवल महिला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पार्टी की स्टार प्रचारक हैं। उन्हें महिलाओं के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करना है।
सुरक्षा और सुशासन को लेकर जनता के बीच जाएगी पार्टी
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि बीजेपी सरकार में उत्तर प्रदेश भयमुक्त हुआ है और महिलाएं सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने महिला विस्तारकों से कहा कि वे सरकार के सुरक्षा और सुशासन से जुड़े संदेश को महिलाओं तक पहुंचाएं।
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने भी विस्तारकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, महिला कार्यकर्ता अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के दम पर हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को लेकर लोगों के बीच पहुंचेंगी।
प्रदेश सह प्रभारी और राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनेंगी। वहीं, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने पार्टी की नीतियों और विकास के एजेंडे को जनता तक पहुंचाने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने भी संगठन की एकजुटता और महिला कार्यकर्ताओं के संकल्प को आगामी चुनाव के लिए अहम बताया।
योगी की मां के निधन के बाद कार्यक्रम में बदलाव
कार्यशाला के तीसरे सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शामिल होना था, लेकिन उनकी मां सावित्री देवी के निधन के कारण वह उत्तराखंड रवाना हो गए। कार्यक्रम की शुरुआत में दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। मुख्यमंत्री और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की गई।
मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक भी कुछ देर रुकने के बाद कार्यक्रम से निकल गए। हालांकि, महिला मोर्चा की कार्यशाला के जरिए बीजेपी ने साफ संकेत दिया है कि 2027 के चुनाव में महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाना उसकी अहम संगठनात्मक प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
