उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है या उसमें कोई गलती है, तो आपके पास इसे ठीक कराने का अच्छा मौका है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR-2027) के तहत निर्वाचन आयोग शनिवार 21 नवंबर और रविवार 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाने जा रहा है। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। मतदाता यहां अपना नाम चेक करने के साथ ही नए पंजीकरण और संशोधन के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि नवंबर में दो और विशेष अभियान दिवस 28 और 29 तारीख को आयोजित किए जाएंगे। यानी मतदाताओं को अपने नाम और विवरण की जांच कराने के लिए कुल चार दिन विशेष सुविधा मिलेगी।
बूथ पर मिलेगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, मौके पर भरें फॉर्म
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, सभी मतदान केंद्रों पर BLO के पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य यानी ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने बूथ पर पहुंचकर सूची में नाम और अन्य जानकारियां देख सकते हैं।
अगर किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकता है। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर फॉर्म-8 के जरिए संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा फॉर्म-7 भी बूथों पर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेगा।
मतदाताओं की मदद के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी। किसी तरह की जानकारी या परेशानी होने पर जिला स्तर की हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
युवा और महिला मतदाताओं पर रहेगा खास फोकस
इस अभियान में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं को खास प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट न जाए।
इसके लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA), पूर्व और वर्तमान ग्राम प्रधानों, पार्षदों और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी। सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
अफसर करेंगे बूथों का निरीक्षण, BLO के काम की होगी जांच
विशेष अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की है। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी विभिन्न जिलों में जाकर मौके पर अभियान की स्थिति देखेंगे। इस दौरान BLO के काम की गुणवत्ता और मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं का आकलन किया जाएगा।
मतदाताओं के लिए जरूरी जानकारी:
-
कैंप की तारीखें: 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026
-
समय: सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक
-
नया नाम जुड़वाने के लिए: फॉर्म-6
-
विवरण में संशोधन के लिए: फॉर्म-8
-
हेल्पलाइन नंबर: 1950
