UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले दलित और मुस्लिम वोटबैंक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद गठबंधन के ऐलान के बाद पहली बार आमने-सामने आ रहे हैं। दोनों नेताओं की यह मुलाकात सहारनपुर में हो रही है, जिसे कभी बसपा प्रमुख मायावती का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता था। इस बैठक को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने नए राजनीतिक समीकरण को मजबूत करने और आगामी चुनाव से पहले गठबंधन की ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
ओवैसी छुटमलपुर में चंद्रशेखर आजाद के आवास पर लंच करेंगे। इस दौरान दोनों नेता चुनावी रणनीति और गठबंधन की आगे की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा सहारनपुर कलेक्ट्रेट में मस्जिद प्रकरण को लेकर दोनों नेता जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
छुटमलपुर में लंच, मदरसे में नमाज और कार्यकर्ताओं का स्वागत
ओवैसी के सहारनपुर दौरे को लेकर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। छुटमलपुर में चंद्रशेखर आजाद के आवास पर लंच के बाद ओवैसी एक बड़े मदरसे में नमाज अदा करेंगे। इसके बाद ज्योति किरण तिराहे पर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपने-अपने सामाजिक और जातीय समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं।
26 नवंबर को लखनऊ में बहुजन समाज महासम्मेलन
इस मुलाकात का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बहुजन समाज महासम्मेलन प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि सहारनपुर की बैठक इस सम्मेलन से पहले गठबंधन की राजनीतिक जमीन तैयार करने का हिस्सा है।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का ऐलान किया था। इसी दौरान ओवैसी ने घोषणा की थी कि नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
बीजेपी को रोकने का दावा, सपा-कांग्रेस के लिए चुनौती?
गठबंधन की घोषणा के दौरान ओवैसी ने दावा किया था कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करते हुए उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया था।
इस गठबंधन की सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साथ जोड़ने की होगी। यही वजह है कि इसकी रणनीति को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को इन दोनों समुदायों का अच्छा समर्थन मिला था।
बताया जा रहा है कि दलित और मुस्लिम समुदाय मिलकर प्रदेश की आबादी का करीब 41 फीसदी हिस्सा हैं। ऐसे में अगर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इन मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनाने में सफल होता है, तो 2027 के चुनाव में मुकाबले का समीकरण बदल सकता है। हालांकि, गठबंधन को चुनाव में कितनी सफलता मिलेगी, यह उसके संगठन, उम्मीदवारों और जमीनी जनाधार पर निर्भर करेगा।
