जानिए कौन हैं वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, संभालेंगे भारतीय नौसेना प्रमुख का पद

जानिए कौन हैं वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, संभालेंगे भारतीय नौसेना प्रमुख का पद

नई दिल्ली। वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी इस महीने के अंत तक नए नौसेना प्रमुख का पद संभालेंगे। वह निवर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार का स्थान लेंगे, जो 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे। वाइस एडमिरल त्रिपाठी वर्तमान में नौसेना के उप प्रमुख हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा, “सरकार ने वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी को, जो वर्तमान में नौसेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं, 30 अप्रैल की दोपहर से अगले नौसेना प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है।”

वाइस एडमिरल त्रिपाठी का जन्म 15 मई 1964 को हुआ था और वह 1 जुलाई 1985 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध में विशेषज्ञ, वाइस एडमिरल त्रिपाठी का लगभग 30 वर्षों का लंबा और प्रतिष्ठित करियर रहा है। नौसेना के उप प्रमुख का पद संभालने से पहले, उन्होंने पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य किया।

उन्होंने आईएनएस विनाश की भी कमान संभाली। रियर एडमिरल के रूप में, उन्होंने पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कार्य किया। वह भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमाला के कमांडेंट भी रहे हैं। सैनिक स्कूल और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी खडकवासला के पूर्व छात्र वाइस एडमिरल त्रिपाठी ने गोवा नेवल वॉर कॉलेज और यूएस नेवल वॉर कॉलेज में भी पाठ्यक्रम लिया है। उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) और नौ सेना पदक से सम्मानित किया गया है।

गौरतलब है कि दिनेश त्रिपाठी ऐसे समय में पदभार संभाल रहे हैं जब हौथी विद्रोहियों की बढ़ी गतिविधियों के बीच भारतीय युद्धपोत सक्रिय हैं। अब तक भारतीय युद्धपोतों ने ऐसी 20 घटनाओं का जवाब दिया है. इस बीच, चीन हिंद महासागर क्षेत्र में गतिविधियां तेज कर रहा है और पाकिस्तान के साथ उसकी मिलीभगत भारत के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

Previous articleचुनाव के बीच आमिर के बाद रणवीर का डीप फेक वीडियो वायरल
Next articleअरविंद केजरीवाल ने जेल में घर का खाना खाते समय डाइट चार्ट फॉलो किया या नहीं, होगी जांच, फैसला सुरक्षित