सासाराम में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, अहंकारी और मजबूर सरकार चाहिए…

बिहार के सासाराम में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सासाराम और बिहार ने हमेशा देश को दिशा देने वाला नेतृत्व दिया है। उन्होंने कहा कि दल अलग रहे, लेकिन लोकतंत्र की आत्मा को बचाने के लिए सभी एकजुट रहे। लेकिन दुर्भाग्य देखिए, इसी बिहार का कुछ लोगों ने अपने भ्रष्टाचार के लिए, अपने स्वार्थ के लिए जमकर फायदा उठाया।

सासाराम में पीएम नरेंद्र मोदी का भाषण

  • महामिलावट के दम पर ये लोग जो मजबूर सरकार बनाने के सपने देख रहे थे। उस सपने को देश के लोगों ने चूर-चूर कर दिया है। देश इन महामिलावट वालों से इतना गुस्सा क्यों है, इसका जवाब वंशवादियों और भ्रष्टाचारियों का अहंकार है।
  • इनका अहंकार सातवें आसमान पर चढ़ा हुआ है। कांग्रेस का यही अहंकार इमरजेंसी के दौरान दिखा था जब पूरे देश को संकट में डाल दिया था।
  • ये कांग्रेस का अहंकार ही था, जिसने महान जय प्रकाश नारायण जैसे महान व्यक्तित्व पर डंडे बरसाए थे। आजादी के बाद इतने दशकों तक इन्होंने आतंकवाद के सामने घुटने टेके रखे।
  • इसलिए अब देश कह रहा है – अब बहुत हुआ। पाकिस्तान के आतंक को ये मुंहतोड़ जवाब नहीं दे पाए, इसलिए देश कह रहा है- अब बहुत हुआ।
  • जब हमारे सपूत सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं, तो ये आतंकियों की लाशें मांगते हैं। इसलिए गुस्से से भरा हुआ देश कह रहा है- अब बहुत हुआ।
  • ये टुकड़े-टुकड़े गैंग को, देश तोड़ने की बात करने वालों के साथ खड़े रहते हैं, इसलिए देश कह रहा है- अब बहुत हुआ।
  • आज जो महामिलावटी लोग गरीबों के लिए आंसू बहा रहे हैं उन्होंने गरीबों के लिए कितना किया और अपने परिवार के लिए कितना किया, ये याद कर लीजियेगा।
  • ये लोग गरीबों के पैसे से घोटाले करते रहे, उन्हें ही लूटते रहे। आपके इस सेवक ने ठाना है, कि अगर नया हिदुस्तान बनाना है तो विकास का सूरज सही मायने में पूर्वी भारत से ही उगेगा।
  • महामिलावट वाले किसानों की बात करते हैं लेकिन खेत में पानी नहीं पहुंचा पाते। दुर्गावती जलाशय परियोजना के साथ इन्होंने क्या किया, ये आप भलीभांति जानते हैं।
  • जहानाबाद के लोगों को तो उत्तर कोयल बांध परियोजना पूरा होने के लिए आधी सदी का इंतजार करना पड़ा। देश में ऐसी करीब 100 सिंचाई परियोजनाएं दशकों से लटकी थीं, जिनको पूरा करने का प्रयास हमने बीते 5 वर्षों में किया है।
  • महामिलावट की और एनडीए की राजनीति का अंतर स्पष्ट है। हम बिहार को लालटेन के युग से निकालकर LED की दूधिया रोशनी तक लाए हैं।
  • ये बिहार को लालटेन के युग में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। हम बिहार के गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने के लिए जी-तोड़ परिश्रम कर रहे हैं और ये समाज को जातियों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं।

बक्सर में पीएम नरेंद्र मोदी का भाषण

  • बक्सर में पीएम ने कहा कि एनडीए की सरकार ने अपनी एजेंसियों को अपने सपूतों को खुली छूट दी, जिसके कारण आज देश के भीतर भी सफाई हो रही है और सीमापार भी।
  • ये नया हिन्दुस्तान है, ये आतंकियों को घर में घुसकर मारता है। आज गरीब मोदी-मोदी करता है तो महामिलावटियों का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा जाता है।
  • कांग्रेस हो या RJD, इनकी सोच में ही खोट है। ये 21वीं सदी के भारत को नहीं समझ सकते। ये बिहार और देश को अंधेरे में ही रखना चाहते हैं।
  • हमने गांव में रहने वाली माताओं-बहनों के लिए करोड़ों शौचालय बनाकर हमने उनकी पीड़ा कम की है। गरीब बहनों को हमने मुफ्त गैस कनेक्शन दिया है।
  • गांव में रहने वाले हर गरीब के पास अपनी पक्की छत हो, इस पर भी हमारी सरकार काम कर रही है।
  • एक तरफ हम आतंकियों, नक्सलवादियों की सफाई अभियान में जुटे हैं, तो दूसरी तरफ ये महामिलावट वाले उनको बचाने में लगे हैं।
Previous articleपीएम नरेंद्र मोदी ने काशी की जनता को दिया खास संदेश
Next articleअमित शाह रोड शो में बवाल, बोले-ममता ने पश्चिम बंगाल में रौंद दिया लोकतंत्र