सरकारी और बड़ी कंपनियों में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने अच्छा मौका दिया है। कंपनी के मार्केटिंग डिवीजन, ईस्टर्न रीजन में टेक्नीशियन, ट्रेड और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के कुल 409 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को चयन के लिए न तो लिखित परीक्षा देनी होगी और न ही इंटरव्यू से गुजरना पड़ेगा। चयन सीधे शैक्षणिक योग्यता में मिले अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 12 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
10वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए मौका, जानें किस पद पर कितनी योग्यता
IOCL की इस भर्ती में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर दिया गया है। टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, सिविल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में तीन साल का डिप्लोमा होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के कम से कम 50 प्रतिशत और SC/ST/PwBD वर्ग के उम्मीदवारों के 45 प्रतिशत अंक होने चाहिए।
ट्रेड अप्रेंटिस के लिए 10वीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त दो साल का ITI सर्टिफिकेट जरूरी है। इसमें फिटर, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक और मशीनिस्ट जैसे ट्रेड शामिल हैं।
ग्रेजुएट अप्रेंटिस पद के लिए BA, B.Com, B.Sc या BBA में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। आरक्षित वर्गों के लिए यह सीमा 45 प्रतिशत है। B.E./B.Tech, MBA, MCA, CA और LLB डिग्री वाले उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं हैं। वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के फ्रेशर पद के लिए 12वीं पास होना जरूरी है।
उम्र सीमा और पासिंग ईयर की शर्त भी समझ लें
टेक्नीशियन और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए डिग्री या डिप्लोमा 1 अप्रैल 2023 से 30 नवंबर 2026 के बीच पूरा होना चाहिए। ITI और डाटा एंट्री ऑपरेटर पदों के लिए योग्यता 1 अप्रैल 2022 से 30 नवंबर 2026 के बीच प्राप्त की होनी चाहिए।
आवेदन के लिए 30 नवंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल और अधिकतम 24 साल होनी चाहिए। SC/ST को पांच साल, OBC-NCL को तीन साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को अधिकतम 10 साल की आयु में छूट मिलेगी।
बिना परीक्षा होगा चयन, 12 महीने की मिलेगी ट्रेनिंग
इस भर्ती में चयन शैक्षणिक अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होगा। मेरिट में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12 महीने की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान नियमानुसार हर महीने स्टाइपेंड भी मिलेगा। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
IOCL भर्ती के लिए ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को आवेदन पूरा करने के लिए दो चरणों का पालन करना होगा। सबसे पहले अपनी योग्यता के अनुसार NAPS या NATS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करके आवेदन करना होगा। इसके बाद भर्ती नोटिफिकेशन में दिए गए आधिकारिक Microsoft Form को भरकर सबमिट करना जरूरी है। आवेदन की अंतिम तारीख 12 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे है।



